मधेपुरा जिले के फुलौत पश्चिमी पंचायत में आवारा सुअर के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घायल महिला की पहचान पंचायत निवासी धीरन यादव की पत्नी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के पास मौजूद थी, तभी अचानक एक आवारा सुअर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर कई गहरे घाव हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे सुअर के चंगुल से बचाया।
घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से आवारा जानवरों की समस्या बनी हुई है। आरोप है कि कुछ लोग अपने जानवरों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे गांव में गंदगी फैलने के साथ-साथ लोगों की फसलों और सामान को भी नुकसान होता है। इस मुद्दे को लेकर कई बार सामाजिक बैठक भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
महिला पर हुए इस हमले के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आवारा जानवरों पर नियंत्रण और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


0 टिप्पणियाँ